क्या पंजाब ड्रग-फ्री हो गया…’ : BJP सांसद हरभजन सिंह ने उठाया नशे के मुद्दे पर बड़ा सवाल

BJP सांसद हरभजन सिंह ने कहा कि क्या पंजाब ड्रग-फ़्री हो गया है? अगर हो गया है, तो इस पर बात करें और अगर पंजाब को ड्रग-फ़्री बनाना है, तो उस लक्ष्य को पाने के लिए किए जा रहे कामों पर ध्यान दें. अगर मैं पंजाब से जुड़े मुद्दों पर बात नहीं करता, तो मुझे लगता है कि मेरे यहां होने का कोई मतलब नहीं है. मेरा मानना है कि ये पंजाब से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं और सरकारों को इन्हें हल करने की दिशा में काम करना चाहिए.
इससे पहले सांसद हरभजन सिंह ने कथित तौर पर नशे में धुत दो व्यक्तियों का वीडियो साझा किया और लिखा कि पंजाब के युवा बेहतर के हकदार हैं. हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और राज्य पुलिस ने दावा किया कि यह वीडियो राजस्थान का है और हरभजन भाजपा का झूठ फैला रहे हैं.
कथित वीडियो में दो लोगों को सड़क पर अजीबोगरीब मुद्रा में खड़े देखा जा सकता है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है. इस पर कई उपयोगकर्ताओं ने टिप्पणी की है कि दोनों व्यक्ति ‘जॉम्बी ड्रग” के प्रभाव में नजर आ रहे हैं.
पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन ने सोमवार रात ‘एक्स’ पर उक्त वीडियो साझा करते हुए लिखा, “पंजाब के हालात देखकर बहुत दुख होता है.” उन्होंने कहा, “पंजाब और उसके युवा बेहतर के हकदार हैं. इस मुद्दे पर ईमानदारी, जवाबदेही और तुरंत कार्रवाई की जरूरत है-न कि इसे नकारने की.”
उन्होंने कहा, “सरकारों ने पंजाब और पंजाबी युवाओं के साथ क्या किया है? उन्होंने पंजाब को किस हाल में पहुंचा दिया है? जो पंजाब कभी अपने जोश, हिम्मत और बहादुरी के लिए जाना जाता था, आज उसी पंजाब के युवा नशे की चपेट में आ गए हैं. अभी भी समय है-मेरे पंजाब को बचाओ.”











