महतारी वंदन में जुड़ेंगी 65 हजार अविवाहित महिलाएं : 15 अगस्त को CM साय कर सकते हैं घोषणा

रायपुर, 14 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। अब 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी योजना से जोड़ने का प्रस्ताव है। प्रदेश में ऐसी करीब 65 हजार महिलाएं होने का अनुमान है।

इससे राज्य सरकार पर लगभग 78 करोड़ रुपये का सालाना अतिरिक्त वित्तीय भार आने की संभावना है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस श्रेणी की महिलाओं की प्रारंभिक गणना भी कराई है।

15 अगस्त को सीएम कर सकते हैं घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को इस संबंध में घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभी अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पहले ही योजना का दायरा बढ़ाने के संकेत दे चुकी हैं। नई श्रेणी की महिलाओं को पात्रता के नियमों में किस तरह शामिल किया जाए, इसे लेकर विभाग में मंथन चल रहा है।

हर महीने मिलती है 1000 रुपये की सहायता

महतारी वंदन योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को की थी। इसके तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना में विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं।

अब तक योजना की 30 किस्तें जारी हो चुकी हैं और करीब 19,444.33 करोड़ रुपये हितग्राहियों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।

विभाग की ओर से बताया गया है कि 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को जोड़ने की गणना प्रारंभिक स्तर पर है। अंतिम फैसला सरकार के निर्णय के बाद ही होगा।

छूटी महिलाओं के पंजीयन की भी मांग

विपक्ष ने योजना से छूटी महिलाओं के लिए नए पंजीयन शुरू करने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि कई महिलाएं अभी भी योजना का लाभ मिलने का इंतजार कर रही हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com