पोको का नया 5G फोन जल्द भारत में होगा लॉन्च, डिजाइन से उठा पर्दा

पोको भारत में अपनी एम-सीरीज का एक और नया स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर रहा है. कंपनी ने Poco M8x 5G के भारत लॉन्च को टीज कर दिया है. इसके लिए एक खास माइक्रोसाइट भी लाइव हो गई है, जहां फोन का डिजाइन और बिक्री से जुड़ी जानकारी सामने आई है. फोन में फ्लैट बैक पैनल के साथ गोल्डन फिनिश वाला चौकोर कैमरा मॉड्यूल दिखाई दिया है. हालांकि, कंपनी ने अभी लॉन्च तारीख, कीमत और बाकी स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया है. इस फोन की कीमत 24,999 रुपये के आसपास हो सकती है.
डिजाइन में दिखा नया अंदाज
पोको की माइक्रोसाइट पर Poco M8x 5G का डिजाइन टीज किया गया है. फोन में टेक्सचर्ड फ्लैट रियर पैनल दिखाई देता है, जिसके ऊपर बाईं तरफ चौकोर आकार का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है. यह फोन हरे रंग में नजर आया है, जबकि इसका फ्रेम और कैमरा मॉड्यूल गोल्डन रंग में है. कैमरा मॉड्यूल में डुअल रियर कैमरा और एलईडी फ्लैश मिल सकता है. नीचे की तरफ सेंटर में पोको की ब्रांडिंग दी गई है, जबकि पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल दाईं तरफ नजर आते हैं.
फ्लिपकार्ट पर होगी बिक्री
कंपनी ने पुष्टि की है कि Poco M8x 5G को भारत में जल्द लॉन्च किया जाएगा. फोन की बिक्री फ्लिपकार्ट के जरिए होगी. हालांकि, अभी इसकी लॉन्च तारीख, कीमत, कैमरा, प्रोसेसर और दूसरे फीचर्स की जानकारी सामने नहीं आई है. कंपनी आने वाले दिनों में इन डिटेल्स का खुलासा कर सकती है. Poco M8x 5G का लॉन्च Poco M8 Power के भारत आने के कुछ समय बाद हो रहा है, जिसे इस महीने की शुरुआत में लॉन्च किया गया था.
Poco M8 Power में क्या मिलता है
Poco M8 Power को भारत में 24,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था. इसके बेस वेरिएंट में 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलता है. फोन में 6.83 इंच का फुल-एचडी+ एमोलेड डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 1,800 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है. इसमें स्नैपड्रैगन 4 जेन 4 चिपसेट, 50 मेगापिक्सल रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है. फोन में 8,000mAh बैटरी के साथ 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है.











