दिसंबर में चार नगर निगमों के चुनाव, कांग्रेस के कब्जे वाले निकायों में भाजपा की साख दांव पर

दिसंबर में रायपुर और दुर्ग जिले के चार नगर निगमों में चुनाव होने हैं। इनमें बिरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगम शामिल हैं। फिलहाल चारों निकायों में कांग्रेस का कब्जा है। 2021 में हुए पिछले चुनाव के दौरान प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, जबकि अब राज्य में भाजपा की सरकार है। ऐसे में आगामी चुनाव दोनों प्रमुख दलों के लिए अहम माने जा रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला कलेक्टरों ने वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदार सक्रिय होंगे। चारों नगर निगमों में कांग्रेस के पार्षदों की संख्या अधिक है, इसलिए भाजपा के सामने इन निकायों में अपनी स्थिति मजबूत करने की चुनौती होगी।

बिरगांव में बदला आरक्षण समीकरण

40 वार्डों वाले बिरगांव नगर निगम में कांग्रेस के नंदलाल देवांगन महापौर हैं। कांग्रेस के पास 21 पार्षद हैं। पिछले चुनाव में महापौर पद के लिए सीट अनारक्षित थी, जबकि इस बार इसे अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण के बाद दोनों दलों में संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ गई है।

भिलाई, रिसाली और चरौदा में भी मुकाबला अहम

रिसाली नगर निगम में कांग्रेस की शशि सिन्हा महापौर हैं। 40 वार्डों वाले इस निगम में कांग्रेस ने 21 वार्डों में जीत हासिल की थी। यह क्षेत्र पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू से जुड़ा हुआ है, जबकि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा से भाजपा के ललित चंद्राकर विधायक हैं।

70 वार्डों वाले भिलाई नगर निगम में कांग्रेस के नीरज पाल महापौर हैं। यहां कांग्रेस के 37 और भाजपा के 24 पार्षद हैं। यह निगम भिलाई नगर और वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्रों तक फैला है। भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन हैं।

भिलाई-चरौदा नगर निगम में कांग्रेस को पिछले चुनाव में 19 वार्डों में जीत मिली थी। पूर्ण बहुमत नहीं मिलने के बाद दो निर्दलीय पार्षदों को साथ लेकर कांग्रेस ने अपना महापौर बनाया था। यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। आगामी चुनाव में चारों निगमों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com