बालोद में RTI के नाम पर वसूली का आरोप, सरपंच संघ ने पुलिस से FIR की मांग की

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पंचायत प्रतिनिधियों से RTI आवेदन के नाम पर रुपए मांगने और दबाव बनाने का मामला सामने आया है। बालोद ब्लॉक सरपंच संघ ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने और मामले की जांच की मांग की है।
सरपंच संघ का आरोप है कि कुछ लोग खुद को पत्रकार बताकर पंच और सरपंचों के खिलाफ RTI आवेदन लगाते हैं। इसके बाद संबंधित जनप्रतिनिधियों से रुपए की मांग की जाती है। रुपए नहीं देने पर वीडियो प्रसारित करने और बदनाम करने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
संघ ने पुलिस से वीडियो, बातचीत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद सामने आया मामला
मामले से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ी। झलमला के पंच आदित्य दुबे ने भी पुलिस से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सरपंच संघ का कहना है कि RTI कानून का उद्देश्य सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। यदि कोई व्यक्ति इसका इस्तेमाल किसी पर दबाव बनाने या रुपए मांगने के लिए करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पत्रकार बनकर पैसे मांगने का आरोप
ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष कृष्णा राम साहू ने आरोप लगाया कि जिले में कुछ लोग सोशल मीडिया या यूट्यूब पर न्यूज से जुड़े पोर्टल बनाकर खुद को पत्रकार बताते हैं। इसके बाद पंचायतों में रुपए की मांग किए जाने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि रुपए नहीं देने पर संबंधित पंचायत या जनप्रतिनिधियों के खिलाफ खबरें चलाने का दबाव बनाया जाता है। संघ ने सरकार से पत्रकारिता के क्षेत्र में स्पष्ट मापदंड तय करने की मांग भी की है।
तरौद के सरपंच धर्मेंद्र रामटेके ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उसके मूल सिद्धांतों का पालन जरूरी है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में शैक्षणिक योग्यता और अन्य आवश्यक मापदंड निर्धारित करने की मांग की।
झलमला के पंच आदित्य दुबे ने आरोप लगाया कि कुछ लोग किसी अखबार या टीवी चैनल से जुड़े नहीं होने के बावजूद सोशल मीडिया पोर्टल बनाकर पत्रकार होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।
मामले में नाम सामने आने के बाद RTI कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रितेश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है।
बालोद कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि सरपंच संघ की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











