उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह के बाद भगदड़, कई घायल… महाकाल मंदिर के ऊपर है ये मंदिर

महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में भगदड़ मच गई. इसमें कई भक्त घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाय गया है. दरअसल, सावन की तीसरी सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप मौजूद श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में अफरा-तफरी मच गई. बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह के बाद दर्शन के लिए कतार में खड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
इस दौरान कुछ श्रद्धालु घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया. घायलों में हिंदू बाई, सागर, लक्ष्मीबाई, अनसूया और उनकी मां ममता, हरिश्चंद्र, सोनम, सुजीत कुमार, खुशी, तुलसी और उनकी मां रेखा बाई शामिल हैं.
पैरों में गंभीर चोट आई
भगदड़ के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र के पैरों में गंभीर चोट आई है. सभी घायलों का चरक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. घटना के बाद कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई. मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने स्थिति को संभाला. फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू है.











