मवेशी को बचाने में बेकाबू हुई बस, पेड़ से टकराई; 15 से ज्यादा यात्री घायल

सन्ना थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर गुरगुरी से बगीचा जा रही ग्रामीण बस सेवा दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गुरगुरी-बेडेकोना पुल के आगे हल्के मोड़ पर बस सड़क किनारे लगे सरई के पेड़ से टकरा गई। हादसे में 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। इनमें करीब चार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।
बताया गया कि दुर्घटना के समय बस में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक यात्री सवार थे। गुरुवार को चंपा में साप्ताहिक बाजार होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण बस से बाजार जाने और लौटने के लिए सफर कर रहे थे।
मवेशी को बचाने के दौरान बिगड़ा संतुलन
गुरगुरी-बेडेकोना पुल पार करने के बाद बस हल्के मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक के सामने अचानक मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने बस को मोड़ दिया, लेकिन वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क से उतरकर किनारे स्थित सरई के पेड़ से जा टकराई।
प्रारंभिक जानकारी में बस की गति अधिक होने और मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
चार यात्रियों को गंभीर चोटें
हादसे में एकम्बा निवासी 50 वर्षीय सुधू समेत कई यात्रियों को चोटें आई हैं। बस में सवार 75 वर्षीय एलेकजेंडर तिर्की के हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी। उपचार के दौरान उनके घाव पर तीन टांके लगाए गए, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
करीब चार यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। घायलों को आसपास के ग्रामीणों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक ने मवेशी को बचाने के लिए बस मोड़ने के दौरान दुर्घटना होने की बात बताई है। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।










