राशन कार्ड में नाम सुधार में देरी पर तिल्दा CMO पर 100 रुपए जुर्माना

राशन कार्ड में नाम सुधार का आवेदन तय समय में पूरा नहीं करने पर तिल्दा नगर पालिका के सीएमओ अमिताभ शर्मा पर 100 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत नागरिकों को निर्धारित समय में सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। किसी आवेदन का समय पर निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों को अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

लंबित प्रकरणों की समीक्षा

टीएल बैठक में बकेट क्लेम, नागरिक पट्टे, पीजी पोर्टल, आरआरसी और पीएम किसान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। स्कूलों में फिजिकल ग्राउंड, जाति और निवास प्रमाण-पत्र, अविवादित नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों की स्थिति भी देखी गई। कलेक्टर ने सभी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

बायोमेट्रिक उपस्थिति और डेंगू जांच पर जोर

बैठक में विभागों में अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ मेडिकल चेकअप, डेंगू जांच और स्वच्छता कार्यों की जानकारी ली। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के देयकों का समय पर भुगतान करने के निर्देश भी दिए गए।

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा

कलेक्टर ने ई-ऑफिस, प्रोजेक्ट पुनर्जीवन, नगरीय निकायों के पेंशन प्रकरण और पीएम श्री योजना की भी समीक्षा की। पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने अधीनस्थों के साथ आम लोगों को घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया। सेवा से हटने वाले कर्मचारियों से जुड़े मामलों का भी तय समय में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

अगली बैठक से पहले देनी होगी प्रगति रिपोर्ट

कलेक्टर ने सभी विभागों को टीएल बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और अगली बैठक से पहले प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com