छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर 12.27 लाख रुपए का गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर पुलिस ने 24.545 किलो गांजे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 12 लाख 27 हजार 250 रुपए बताई जा रही है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों को बॉर्डर पार करते ही फॉरेस्ट नाका धनपुंजी के पास पकड़ लिया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को 23 अगस्त को सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध गांजा लेकर फॉरेस्ट नाका धनपुंजी के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के बाद नगरनार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास निगरानी शुरू की।

मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को देखा। इसके बाद घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान चुमन बघेल (20), निवासी तुरपुरा पोड़ाईगुड़ा पारा, थाना भानपुरी और बेनूधर कश्यप (21), निवासी ग्राम कुम्हली, थाना भानपुरी के रूप में हुई।

बैग और बोरियों से मिला गांजा

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास रखे थैलों, प्लास्टिक बोरी और बैग की तलाशी ली। इनमें कुल 24.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

रायपुर ले जाने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर रायपुर ले जाने की तैयारी में थे। मामले में नगरनार थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)ii(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है।

जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 12.27 लाख रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अवैध परिवहन रोकने के लिए टीम गठित

ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजे के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए नगरनार थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस द्वारा सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close