बिलासपुर के स्कूल में गिरी फॉल्स सीलिंग, बाल-बाल बचे छात्र; तीन साल पहले हुआ था लाखों का मरम्मत कार्य

बिलासपुर के मगरपारा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वामी आत्मानंद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य कक्ष समेत चार कमरों की फॉल्स सीलिंग अचानक गिर गई। घटना के समय स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना के बाद स्कूल भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
शहर में रविवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। रविवार रात से सोमवार सुबह तक बारिश जारी रहने के दौरान स्कूल की फॉल्स सीलिंग गिरने की घटना सामने आई। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, भवन के कई हिस्सों में पहले से ही सीपेज और नमी की समस्या बनी हुई है।
तीन साल पहले हुआ था लाखों रुपए का काम
डॉ. भीमराव अंबेडकर स्कूल को वर्ष 2022 में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूल का दर्जा दिया गया था। इसके बाद भवन की मरम्मत पर लाखों रुपए खर्च किए गए थे। स्कूल के कमरों में फॉल्स सीलिंग लगाने के साथ परिसर में टाइल्स भी लगाई गई थीं।
अब बारिश के दौरान फॉल्स सीलिंग गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। स्कूल के अन्य कमरों की फॉल्स सीलिंग भी सीपेज और नमी के कारण खराब बताई जा रही है।
जलभराव से भी परेशानी
बारिश के दौरान स्कूल परिसर में पानी भरने की समस्या भी सामने आ रही है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को आने-जाने और मध्याह्न भोजन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल प्रबंधन ने इसकी जानकारी शिक्षा विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को दी है।
बारिश के दौरान चार कमरों की सीलिंग गिरी
शिक्षक कुबेर दास कुर्रे के मुताबिक, बारिश के दौरान प्रिंसिपल ऑफिस, कक्षा छठवीं, कंप्यूटर रूम समेत चार कमरों की फॉल्स सीलिंग गिर गई। उन्होंने बताया कि स्कूल के कई कमरों की हालत पहले से जर्जर है और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी थी।
शिक्षकों का कहना है कि बारिश में स्कूल परिसर में जलभराव होना भी आम समस्या है। कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
बच्चे मौजूद होते तो हो सकता था बड़ा हादसा
फॉल्स सीलिंग रात के समय गिरने के कारण स्कूल में मौजूद बच्चों और शिक्षकों को नुकसान नहीं पहुंचा। शिक्षकों के अनुसार, अगर घटना स्कूल संचालन के समय होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
हादसे के बाद 31 अगस्त तक बच्चों को स्कूल नहीं आने के लिए कहा गया है। मंगलवार को परीक्षा होने के कारण स्कूल सीमित समय के लिए खोला जा सकता है। परीक्षा सुरक्षित कमरे में कराने की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
घटना की जानकारी कलेक्टर और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है।











