मुजफ्फरपुर में 50 लोगों की जमीन पर तोड़फोड़ का मामला, LJP (रामविलास) विधायक पर 8 FIR; गिरफ्तारी वारंट की तैयारी

मुजफ्फरपुर में 50 लोगों की जमीन पर बनी चहारदीवारी और निर्माणाधीन मकानों को जेसीबी से तोड़े जाने के मामले में लोजपा (रामविलास) के विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने मामले में विधायक को आठ अलग-अलग प्राथमिकी में नामजद आरोपी बनाया है। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट लेने की तैयारी की जा रही है।

कोर्ट में वारंट के लिए अर्जी देगी पुलिस

अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदन डीह में 20 अगस्त को जेसीबी, स्कॉर्पियो, थार और अन्य वाहनों से पहुंचे लोगों ने कई निर्माणों को कथित तौर पर ध्वस्त कर दिया था। विरोध करने पर मारपीट, धमकी और जमीन खाली कराने के प्रयास के आरोप भी लगाए गए हैं।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, विधायक अमित कुमार रानू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट के लिए पुलिस कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी। पुलिस ने केस डायरी तैयार कर ली है और कोर्ट में वीडियो साक्ष्य भी पेश किए जाएंगे। वारंट जारी होने के बाद विधायक की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

25 मामले दर्ज, 8 में विधायक नामजद

पुलिस के अनुसार, इस पूरे प्रकरण में मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में अब तक 25 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं। इनमें आठ मामलों में विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई अभिनव उर्फ सोनू को आरोपी बनाया गया है। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस का कहना है कि झपहां डीह में जमीन पर कब्जे के लिए विधायक का भाई सोनू सिंह पार्टी का झंडा लगी कार से पहुंचा था। उसके साथ 20 से अधिक बाइक और अन्य वाहनों में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

मोबाइल लोकेशन से भाई तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को विधायक के भाई सोनू सिंह की मोबाइल लोकेशन कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के भिखनपुरा में मिली। इसके आधार पर छापेमारी की गई। वहीं, पीड़ित प्रह्लाद कुमार की शिकायत पर अहियापुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद अन्य पीड़ितों की शिकायत पर भी कई प्राथमिकी दर्ज की गईं।

पुलिस ने नामजद आरोपी सुमित कुमार श्रीवास्तव और सन्नी सिंह को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच आगे बढ़ने पर विधायक के भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव का नाम भी मामले में शामिल किया गया।

विधायक के आवास से दस्तावेज बरामद

पुलिस के मुताबिक, कोर्ट से विधायक अमित रानू और सोनू सिंह के खिलाफ सर्च वारंट मिलने के बाद 23 अगस्त को विधायक के आवास पर छापेमारी की गई। इस दौरान पार्टनरशिप एग्रीमेंट के दस्तावेज, बैंक खातों से जुड़े कागजात और वर्ष 2017 का हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टाम्प पेपर बरामद किया गया।

पुलिस ने इस संबंध में फर्जी दस्तावेज रखने और कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में अलग से प्राथमिकी दर्ज की है।

हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आरोपी बेलसंड स्थित विधायक कार्यालय में छिपे हुए हैं। इसके बाद मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नन्हे सिंह और छोटू कुमार उर्फ छोटू यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनके पास से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद हुए।

एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश करने वाले कथित भू-माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ऐसे मामलों में संलिप्तता पाए जाने पर कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close