स्क्रैप से भरे ट्रक को छोड़ने के बदले 4 लाख की रिश्वत मांगने वाला ETO गिरफ्तार, 1 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा

फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ETO सुरेंद्र सिंह पूनिया को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने स्क्रैप से भरे ट्रक को छोड़ने के बदले चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। कार्रवाई के दौरान उसके ड्राइवर राम बाबू को भी हिरासत में लिया गया है।

ट्रक छोड़ने के लिए मांगी थी रिश्वत

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले अशोक की जिम्मेदारी कंपनी की गाड़ियों की देखरेख और उनके रूट पास करवाने की है। 10 अगस्त को लखनऊ से आ रहे स्क्रैप से भरे कंपनी के एक ट्रक को फरीदाबाद में ETO सुरेंद्र सिंह पूनिया ने पकड़ लिया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह उसी रात ETO से मिला। आरोप है कि अधिकारी ने ट्रक पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी बनने की बात कही और चार लाख रुपये में ट्रक छोड़ने का सौदा किया।

ACB ने शिकायत के बाद बिछाया जाल

चार लाख रुपये की व्यवस्था नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जांच शुरू की और शिकायतकर्ता के साथ मिलकर रिश्वतखोरी पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया।

योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी को एक लाख रुपये दिए। जैसे ही सुरेंद्र सिंह पूनिया ने रिश्वत की रकम ली, ACB की टीम ने उसे मौके पर रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके ड्राइवर राम बाबू को भी हिरासत में लिया गया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली है।

ACB ने शुरू की आगे की कार्रवाई

ACB इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के मुताबिक, विभाग को शिकायत मिली थी कि वाहन को पास करने के बदले ETO की ओर से चार लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम गठित की गई और कार्रवाई को अंजाम दिया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close