ड्यूटी के दौरान लैब में रील बनाने वाली 3 महिला टेक्नीशियन पर गिरी गाज, नोटिस के बाद HLL लाइफकेयर ने किया बर्खास्त

दुर्ग-भिलाई, 02 सितम्बर 2026 दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में मरीजों के ब्लड सैंपल के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई HLL लाइफकेयर लिमिटेड की ओर से की गई है।

मामला तब सामने आया, जब तीनों महिला टेक्नीशियनों के लैब के अंदर रील बनाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो में वे अलग-अलग अंदाज में रील बनाती नजर आ रही थीं। एक वीडियो में महिला टेक्नीशियन हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती दिखाई दी, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करते हुए वीडियो बनाया गया था।

वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लिया संज्ञान

जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर वीडियो बनाया था। करीब पांच दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मरीजों के सैंपल और जांच सामग्री के बीच बनाए गए इन वीडियो को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता दिखाई।

वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। उनसे पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की जिम्मेदारी क्या थी।

जांच और जवाब मिलने के बाद लैब प्रभारी ने वीडियो में नजर आ रहे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा। इसके बाद कंपनी ने तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

जांच व्यवस्था पर भी पड़ सकता है असर

अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल में मरीजों की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां बड़ी संख्या में मरीजों के ब्लड सैंपल और अन्य जांच किए जाते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा रील बनाए जाने को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता दिखाई है।

अस्पताल प्रबंधन अब यह भी देख रहा है कि जिस समय वीडियो बनाया गया, उस दौरान लैब की नियमित जांच व्यवस्था प्रभावित हुई थी या नहीं।

सिविल सर्जन बोले- HLL ने की बर्खास्तगी

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब इंचार्ज को नोटिस जारी किया गया था। लैब इंचार्ज ने वीडियो में नजर आ रहे स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा।

इसके बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने संबंधित तीनों कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

निशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए शुरू की गई है अटल आरोग्य लैब

छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से प्रदेश के लोगों को आधुनिक और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है। जिला अस्पतालों में संचालित इन लैब के जरिए मरीजों को विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

पहले HIV रिपोर्ट को लेकर भी विवाद में रही थी लैब

अटल आरोग्य लैब इससे पहले जांच रिपोर्ट को लेकर भी सवालों के घेरे में आ चुकी है। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहली बार पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।

मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से रिपोर्ट को लेकर जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।

अब लैब में कर्मचारियों द्वारा मरीजों के सैंपल के बीच रील बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद तीन कर्मचारियों की बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close