जिसने टीम इंडिया को बनाया चैंपियन, वो हॉन्ग कॉन्ग को जिताने उतरेगी

Women’s T20 Asia cup 2026 का अगला मुकाबला भारत और हॉन्ग कॉन्ग के बीच है. भारतीय टीम के नजरिए से ये मुकाबला 5 सितंबर को पाकिस्तान के साथ होने वाले महामुकाबले से पहले का ड्रेस रिहर्सल है. बड़ी बात ये है कि क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में भारत और हॉन्ग कॉन्ग के महिलाओं की ये पहली टक्कर है. इसमें कोई दो राय नहीं कि पलड़ा पूरी तरह से टीम इंडिया का भारी है. ऐसे में टीम इंडिया के सामने चुनौती हॉन्ग कॉन्ग की नहीं बल्कि उस टीम में शामिल भारत को महिला एशिया कप का चैंपियन बना चुकी खिलाड़ी से है.

भारत को बनाया चैंपियन, अब हॉन्ग कॉन्ग की करेंगी मदद

अब आप सोच रहे होंगे कि हॉन्ग कॉन्ग की टीम में शामिल वो दिग्गज भारतीय क्रिकेटर आखिर है कौन? हम बात कर रहे हैं भारत की पूर्व क्रिकेटर ममता माबेन की, जिनकी कप्तानी में भारत ने साल 2004 में महिला एशिया कप की पहली ट्रॉफी जीती थी. वो भारत को महिला एशिया कप का चैंपियन बनाने वाली पहली कप्तान हैं. घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक से खेलने वाली ममता माबेन ने 1993 से 2004 के बीच भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनधित्व किया. उन्होंने भारत के लिए 4 टेस्ट और 40 वनडे खेले. महिला T20 एशिया कप में हॉन्ग कॉन्ग के कोच के तौर पर ममता माबेन भारत को हराने की रणनीति तैयार करती दिखेंगी.

हॉन्ग कॉन्ग को पहली जीत का इंतजार

महिला T20 एशिया कप 2026 में हॉन्ग कॉन्ग को अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है. भारत ने जहां अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को हराया था. वहीं उसी थाईलैंड की टीम ने टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में हॉन्ग कॉन्ग को हराया था. टूर्नामेंट से पहले बतौर कोच ममता माबेन ने कहा था कि हॉन्ग कॉन्ग के लिए भारत और पाकिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ खेलना ही सीखने वाला पल होगा. हॉन्ग कॉन्ग की टीम का टूर्नामेंट में ये दूसरा मैच होगा. अगर हॉन्ग कॉन्ग की टीम भारत के खिलाफ मुकाबला हारती है तो उसी के साथ वो टूर्नामेंट से बाहर भी हो जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close