न मूर्ति, न रात में किसी की एंट्री क्या है बिहार के वन देवी मंदिर का रहस्य?

देशभर में ऐसे बहुत से मंदिर हैं, जो काफी रहस्यमयी माने जाते हैं. इन मंदिरों से जुड़ी तमाम तरह की मान्यताएं प्रचलित हैं, जिसके चलते दूर-दूर से लोग इनके दर्शन करने आते हैं. इन्हीं रहस्यमयी मंदिरों में से एक है बिहार का वन देवी मंदिर. बिहार में कई ऐसे धार्मिक स्थल हैं, जिनसे जुड़ी रहस्यमयी मान्यताएं लोगों को हैरान कर देती हैं. इन्हीं में से एक है पटना के बिहटा इलाके में स्थित मां वन देवी मंदिर, जिसे एक प्राचीन और रहस्यमयी सिद्धपीठ माना जाता है.
ऐसा कहा जाता है कि इस मंदिर में सूर्यास्त के बाद कोई नहीं रुकता और शाम की आरती के बाद पूरा परिसर खाली कर दिया जाता है. अब यह मंदिर एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि दावा किया जा रहा है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ (The Vvaan) की कहानी भी इस मंदिर और इससे जुड़ी लोककथाओं से प्रेरित है.
350 से 400 साल पुराना है वन देवी मंदिर
मां वन देवी मंदिर बिहार के पटना जिले के बिहटा क्षेत्र में अमहारा, राघोपुर और कंचनपुर गांवों की सीमा पर स्थित बताया जाता है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह मंदिर करीब 350 से 400 साल पुराना है और इसका इतिहास कई रहस्यमयी कथाओं से जुड़ा हुआ है. इस मंदिर की सबसे खास बात ये है कि यहां देवी की कोई प्रतिमा स्थापित नहीं है. श्रद्धालु यहां एक प्राकृतिक और पवित्र पिंड को मां वन देवी के स्वरूप के रूप में पूजते हैं. यही वजह है कि इस मंदिर को दूसरे देवी मंदिरों से अलग माना जाता है.
सूरज ढलते ही क्यों खाली हो जाता है मंदिर?
वन देवी मंदिर से जुड़ी सबसे चर्चित मान्यता सूर्यास्त के बाद की पाबंदी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम को आरती और मंदिर के कपाट बंद होने के बाद यहां किसी को रुकने या आने-जाने की इजाजत नहीं दी जाती. यहां तक कि मुख्य पुजारी भी शाम की पूजा के बाद मंदिर परिसर खाली कर देते हैं. इन्हीं रहस्यमयी परंपराओं के कारण ये मंदिर लोगों के बीच खासा चर्चित रहता है.
क्या पांडवों ने भी की थी यहां पूजा?
मंदिर से जुड़ी एक और प्रचलित मान्यता इसे महाभारत काल से जोड़ती है. कहा जाता है कि पांडवों ने अपने अज्ञातवास के दौरान इस घने जंगल में देवी शक्ति की आराधना की थी. इसी लोककथा के चलते वन देवी मंदिर को एक प्राचीन शक्ति स्थल के रूप में भी देखा जाता है.
सिद्धार्थ की फिल्म से चर्चा में आया मंदिर
वन देवी मंदिर हाल के दिनों में उस वक्त सुर्खियों में आया, जब फिल्म द वन को लेकर ये चर्चा सामने आई कि इसकी कहानी और माहौल इस मंदिर से जुड़ी लोककथाओं से प्रेरित है. फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया नजर आने वाले हैं. इसके बाद बिहार की लोक-संस्कृति और इस रहस्यमयी मंदिर को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. रात होते ही सुनसान हो जाने वाला मंदिर, बिना मूर्ति देवी की पूजा और महाभारत काल से जुड़ी कथाएं- वन देवी मंदिर का रहस्य आज भी लोगों के लिए आस्था और जिज्ञासा का विषय बना हुआ है.











