BREAKING: छत्तीसगढ़ में 3 नेताओं को राज्य मंत्री का दर्जा, संजय अग्रवाल समेत अंजय शुक्ला और शरद अवस्थी को मिला तोहफा, देखें आदेश…

रायपुर, 03 सितम्बर 2026 छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने तीन निगम, मंडल और प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। इस संबंध में 2 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है।

आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधी पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला तथा इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी को भी राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।

इन पदाधिकारियों को मिला दर्जा

नाम पद संस्था दर्जा
संजय अग्रवाल अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग राज्य मंत्री
अंजय शुक्ला उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधी पादप बोर्ड राज्य मंत्री
शरद अवस्थी उपाध्यक्ष इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण राज्य मंत्री

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य मंत्री का दर्जा केवल शिष्टाचार के लिए प्रदान किया गया है। नियमानुसार मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासकीय विभाग या आयोग की होगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जारी सूची से किसी प्रकार की वरिष्ठता या प्रोटोकॉल की स्थिति निर्धारित नहीं होती है। यह आदेश जारी होने की तारीख यानी 2 सितंबर 2026 से प्रभावशील हो गया है।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से और आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत के डिजिटल हस्ताक्षर से यह आदेश जारी किया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close