राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO ने अयोध्या में टेका माथा, रामलला के दर्शन से शुरू हुई नई पारी

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा गुरुवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे. पदभार संभालने के लिए अयोध्या पहुंचे जितेंद्र मिश्रा का महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया. ट्रस्ट का विशेष वाहन उन्हें रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद था.

बोले- बेहद पवित्र जिम्मेदारी मिली है

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर भावनाएं साझा कीं. उन्होंने कहा कि उन्हें अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके लिए उन्होंने चयन समिति, ट्रस्ट के सदस्यों और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद के प्रति आभार जताया.

‘पहली बार आया हूं अयोध्या’

नवनियुक्त CEO ने कहा कि यह उनकी अयोध्या की पहली यात्रा है. उन्होंने मीडिया से अपील की कि उन्हें औपचारिक रूप से पदभार संभालने और ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को समझने के लिए थोड़ा समय दिया जाए. उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही ट्रस्ट के साथ मिलकर तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना सार्वजनिक की जाएगी.

रामलला के दर्शन से होगी शुरुआत

एयरपोर्ट से जितेंद्र मिश्रा सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हुए. यहां वे सबसे पहले बालकरूप रामलला के दर्शन और पूजन-अर्चना करेंगे. नई जिम्मेदारी संभालने से पहले रामलला का आशीर्वाद लेना उनकी अयोध्या यात्रा का अहम पड़ाव माना जा रहा है.

ट्रस्ट पदाधिकारियों संग करेंगे मंथन

रामलला के दर्शन के बाद जितेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सकते हैं. इसमें मंदिर निर्माण के शेष कार्यों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और ट्रस्ट की आगामी योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है. माना जा रहा है कि पदभार संभालने के बाद उनकी प्राथमिकताओं में मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर करना अहम होगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close