भारत-बेल्जियम के बीच रक्षा समेत कई क्षेत्रों में MoU, पीएम मोदी बोले- जोरावर टैंक परियोजना पर मिलकर करेंगे काम

नई दिल्ली, 03 सितम्बर 2026

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में गुरुवार को भारत और बेल्जियम के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। दोनों देशों ने रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध ऐतिहासिक और बेहद मजबूत हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में भारतीय सैनिकों के योगदान और बलिदान को दोनों देशों के साझा इतिहास का अहम हिस्सा बताया।

जोरावर टैंक परियोजना पर भी सहयोग

रक्षा क्षेत्र में सहयोग को लेकर पीएम मोदी ने जोरावर टैंक परियोजना का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम इस परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच रक्षा तकनीक और औद्योगिक सहयोग को और विस्तार देने पर भी चर्चा हुई।

भारत लगातार घरेलू रक्षा उत्पादन को मजबूत करने और आधुनिक तकनीक हासिल करने पर जोर दे रहा है। ऐसे में बेल्जियम के साथ बढ़ता रक्षा सहयोग दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर में साझेदारी

भारत और बेल्जियम ने क्रिटिकल मिनरल्स की प्रोसेसिंग और रीसाइक्लिंग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी।

पीएम मोदी ने कहा कि बेल्जियम की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत का बड़ा बाजार व उत्पादन क्षमता एक-दूसरे के लिए पूरक हैं। दोनों देश बेल्जियम के IMEC संस्थान को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने की दिशा में काम करेंगे।

वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत

पीएम मोदी ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और अस्थिरता का माहौल है। खाद्य, ईंधन और सप्लाई चेन पर भी इसका असर पड़ा है।

इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था अपनी गति बनाए हुए है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले क्वार्टर में भारत ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि भारत की ग्रोथ स्टोरी दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।

यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति का समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम कानून के शासन, बातचीत और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। भारत यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्ष खत्म कर शांति स्थापित करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता भी दोहराई और कहा कि आतंकवाद को उसके हर रूप में खत्म करना जरूरी है।

हॉकी वर्ल्ड कप के आयोजन पर बेल्जियम को बधाई

पीएम मोदी ने हाल में बेल्जियम और नीदरलैंड की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित हॉकी वर्ल्ड कप का भी जिक्र किया। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए बेल्जियम को बधाई दी और भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और बेल्जियम लंबे समय से हीरा कारोबार के जरिए जुड़े हुए हैं। अब दोनों देश इस पुराने संबंध को रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close