शिक्षक दिवस पर TET आधारित पदोन्नति की मांग, तुता मैदान में होगा ‘न्याय सत्याग्रह’

रायपुर। छत्तीसगढ़ के TET उत्तीर्ण शिक्षक अपनी लंबित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर शिक्षक दिवस पर ‘TET आधारित पदोन्नति न्याय सत्याग्रह’ करेंगे। प्रदेशभर के शिक्षक 5 सितंबर को नवा रायपुर स्थित तुता मैदान में एकत्र होकर अपनी मांग सरकार के सामने रखेंगे।
टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ के राकेश मिश्रा ने कहा कि प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में विषय-विशेषज्ञ और पात्रता प्राप्त शिक्षकों की पदोन्नति से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। शिक्षकों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय, NCTE के निर्देशों और छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में TET से जुड़े प्रावधानों का पालन किया जाना चाहिए।
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी से पात्रता रखने वाले शिक्षकों में असंतोष है। उनका कहना है कि वरिष्ठता सूची जारी कर नियमों के अनुसार जल्द पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं।
शिक्षकों के मुताबिक 5 सितंबर को होने वाला सत्याग्रह शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर नियमों के अनुसार त्वरित निर्णय लेने की अपील की है।











