असम में BJP को झटका, गायक सिमंता शेखर ने छोड़ी पार्टी; निगम चेयरमैन पद से भी इस्तीफा

असमिया गायक और बीजेपी नेता सिमंता शेखर ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी और असम स्टेट फिल्म फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया और स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे. यह असम बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.

सिमंता शेखर ने बीजेपी की असम प्रदेश कार्यकारिणी और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, असम सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल सिमंता शेखर का नाम चेयरमैन के तौर पर दर्ज है. जानकारी के मुताबिक, सिमंता शेखर ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीलीप सैकिया को अपना इस्तीफा सौंपा है.

मुख्यमंत्री हिमंता सरमा को दी शुभकामनाएं

गायक सिमंता शेखर ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे भविष्य में किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे. साथ ही इस्तीफा के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में असम का विकास और तरक्की जारी रहेगी.

कौन हैं सिमंता शेखर?

सिमंता शेखर असम के जाने-माने गायक, संगीतकार और संगीत निर्माता हैं. उनका जन्म 18 मई 1985 को असम के तिहू में हुआ था. स्कूल के दिनों से ही वे गायक बनना चाहते थे. उन्होंने संगीत में करियर बनाने से पहले डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय से फार्मास्युटिकल साइंस (Pharmaceutical Science) की पढ़ाई की थी, लेकिन अपने दिल की सुनने के लिए उन्होंने उस क्षेत्र को छोड़ दिया.

सिमंता शेखर का पहला मुख्यधारा का गाना ‘तोरा दोई’ काफी हिट हुआ था. वह साल 2013 में कोक स्टूडियों में गायक पापोन के साथ ‘झुमूर’ में दिखाई दिए थे. सिमंता शेखर ने संगीत करियर की लोकप्रियता के बाद में बीजेपी से सक्रिय राजनीति में कदम रखा था. साल 2022 में सीएम हिमंता सरमा ने उन्हें असम स्टेट फिल्म फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का चेयरमैन नियुक्त किया था.

रिपोर्ट: सूरज साह, टीवी9 भारतवर्ष, असम

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close