बिलासपुर में खेत में काम कर रहे किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, बारिश के बीच दर्दनाक मौत

बिलासपुर में रविवार को हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। किसान धान की रोपाई कर रहा था, तभी अचानक मौसम बिगड़ने के बीच वह बिजली की चपेट में आ गया। वहीं, लगातार हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश से उमस से राहत भी मिली।

घटना कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू की है। पुलिस के अनुसार 65 वर्षीय किसान धरमदास यादव रविवार सुबह अपने खेत में धान की रोपाई करने गया था। दोपहर के समय तेज बारिश और गरज-चमक शुरू होने पर वह बचाव के लिए खेत के पास छांव की ओर भागा, लेकिन इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर, रविवार दोपहर से देर रात तक रुक-रुककर हुई बारिश के कारण शहर की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित रही। कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के बीच रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com