मरवाही में सोते समय विषैले सांप ने 3 वर्षीय मासूम को डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही क्षेत्र में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना ग्राम पंचायत सेमरदर्री (सिंगारबहरा) की है, जहां घर में सो रहे बच्चे को तड़के किसी विषैले सांप ने डस लिया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय रमेश सिंह का तीन वर्षीय पुत्र करन तड़के करीब चार बजे घर में सो रहा था। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे काट लिया। सुबह करीब छह बजे बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसका शरीर सुस्त पड़ गया। परिजन उसे तुरंत गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 108 संजीवनी एक्सप्रेस के माध्यम से मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक सांप का जहर पूरे शरीर में फैल चुका था।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों से घरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com