इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी जाल! मैहर में छात्रा को फंसाकर ब्लैकमेल और ठगी का सनसनीखेज मामला

मैहर : जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और दुष्कृत्य का सनसनीखेज मामला सामने आया है.इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर झांसे में लेने वाले आरोपियों ने छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर न केवल उसे ब्लैकमेल किया, बल्कि लाखों के जेवरात भी ठग लिए.पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित चार लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी जान-पहचान
पुलिस के अनुसार, घटना की जड़ें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ी हैं.12वीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़िता की मां के मोबाइल पर आरोपी शिवाय सिंह रघुवंशी ने दोस्ती का संदेश भेजा था.आरोपी ने खुद को रीवा के बड़े होटलों का मालिक बताकर छात्रा को अपने प्रभाव में ले लिया.काफी समय तक बातचीत के बाद आरोपी ने मेल-जोल बढ़ाना शुरू किया.
नशीला पदार्थ पिलाकर रची साजिश
घटनाक्रम के मुताबिक, बीते 23 फरवरी को जब छात्रा अमरपाटन में अपनी सहेलियों से मिलने गई थी, तब आरोपी वहां पहुँचा और नशीला जूस पिलाकर उसे अपनी स्कॉर्पियो में बैठा लिया.पीड़िता के बेसुध होने पर आरोपी उसे रीवा स्थित एक होटल में ले गया, जहाँ उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर लिया गया.इसी वीडियो के आधार पर आरोपी ने पीड़िता को डरा-धमकाकर 25 लाख रुपये की मांग की.
गहनों की ठगी और दोबारा दरिंदगी
लोकलाज और धमकी से डरी छात्रा ने 26 फरवरी को घर से करीब 5 लाख रुपये के गहने ले जाकर आरोपी को सौंप दिए.इसके बावजूद आरोपियों का मन नहीं भरा। गहने लेने के बाद पीड़िता को दोबारा नशीला पदार्थ देकर उसके और उसके तीन अन्य साथियों ने अश्लील हरकतें कीं.जाते-जाते आरोपी छात्रा का फोन भी छीन ले गए.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
परिजनों ने हिम्मत जुटाकर 11 मार्च को अमरपाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
प्रमुख धाराएं: पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 123, 74, 75, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
अमरपाटन टीआई विजय सिंह पारस्ते ने बताया कि मुख्य आरोपी शिवाय रघुवंशी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं.
मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है.एक आरोपी गिरफ्त में है, शेष को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है.” — विजय सिंह पारस्ते, थाना प्रभारी, अमरपाटन











