खड़ी ई-स्कूटर में अचानक लगी आग, धुआं निकलने के बाद तेज हुई लपटें; वाहन जलकर खाक

राजनांदगांव के भरका पारा इलाके में कमल टॉकीज के पास सड़क किनारे खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि पहले स्कूटर के बैटरी वाले हिस्से से धुआं निकला और कुछ ही देर में तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरा स्कूटर आग की चपेट में आकर जल गया।
घटना पंजाब नेशनल बैंक/एटीएम के पास की बताई जा रही है। आग की लपटें काफी ऊंची थीं और काला धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
आसपास की गाड़ियां हटाईं
आग बढ़ती देख राहगीरों और दुकानदारों ने आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों को तुरंत वहां से हटा दिया। इससे आग के दूसरी गाड़ियों तक पहुंचने का खतरा टल गया।
शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग की आशंका
शुरुआती तौर पर बैटरी में शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
विशेषज्ञों के मुताबिक ई-स्कूटर को लंबे समय तक तेज धूप में खड़ा करने से बचना चाहिए। बिना मानक वाली चार्जिंग किट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और बैटरी में खुद से कोई बदलाव नहीं करना चाहिए। बैटरी से असामान्य धुआं या गंध आने पर वाहन से दूरी बनाकर तुरंत विशेषज्ञ या सर्विस सेंटर से संपर्क करना चाहिए।











