रायपुर में AAP का कार्यकर्ता सम्मेलन आज, संगठन विस्तार और रणनीति पर रहेगा फोकस

छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी (AAP) आज राजधानी रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगी। शहीद स्मारक भवन में होने वाले इस सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पार्टी ने सम्मेलन का थीम “बदलेगा छत्तीसगढ़, बनेगा खुशहाल छत्तीसगढ़” रखा है।
प्रदेशभर से जुटेंगे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व इसे संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रभारी मुकेश अहलावत के साथ हाल ही में नियुक्त सह प्रभारी राकेश जाटव, राजेश कुमार, सौरभ झा और समर कुमार भी मौजूद रहेंगे।
पार्टी नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा होगी।
बूथ स्तर तक नेटवर्क मजबूत करने की योजना
सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, सदस्यता अभियान को तेज करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर मंथन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को गांव, वार्ड और मोहल्ला स्तर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करने का संदेश दिया जाएगा।
पार्टी का मानना है कि मजबूत बूथ संरचना और जनसंपर्क अभियान के जरिए संगठन को प्रदेशभर में अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इसी रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जोर
AAP नेतृत्व का कहना है कि प्रदेश की जनता बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार के अवसर और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन चाहती है। पार्टी इन मुद्दों को केंद्र में रखकर अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार विधानसभा चुनाव के बाद संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने के लिए आयोजित यह सम्मेलन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में संजय सिंह का संबोधन और संगठन विस्तार को लेकर घोषित की जाने वाली रणनीति पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।









