रायपुर में शराब के विवाद में डेरी कर्मचारी की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना इलाके में स्थित एक दूध डेरी में दो कर्मचारियों के बीच शराब पीने के बाद विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी सन्नी साहू ने अपने साथी दुर्गेश धृतलहरे की लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पूरी घटना डेरी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार, 23-24 दिसंबर की दरमियानी रात डेरी संचालक ने सूचना दी कि दोनों कर्मचारी गायब हैं और कमरे में खून फैला हुआ है। CCTV फुटेज में देखा गया कि दोनों आपस में झगड़ रहे थे। दुर्गेश बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद सन्नी साहू उसे एक ई-रिक्शा में डालकर डेरी से बाहर ले गया। रास्ते में ई-रिक्शा खराब होने पर उसने एम्बुलेंस बुलवाई, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि घटना की जड़ पुराना विवाद था। देर शाम दोनों डेरी के ई-रिक्शा से शराब भट्टी गए थे और ट्रैफिक जाम को लेकर बहस हुई। इसी बहस के बाद विवाद देर रात डेरी में फिर उभरा और गुस्से में सन्नी साहू ने जानलेवा हमला कर दिया।
आरोपी सन्नी साहू खम्हारडीह का निवासी है और डेरी में दूध बांटने का काम करता था। मृतक दुर्गेश धृतलहरे परसवानी, खरोरा का निवासी था और डेरी में ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की गहन जांच जारी है।











