घर में अकेी युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार: माता-पिता के बाहर जाते ही वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने भेजा जेल

रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घर में अकेी होने का फायदा उठाकर परिचित युवक ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
माता-पिता के बाहर जाने पर घर पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 19 वर्षीय बेटी के साथ गांव में रहने वाले परिचित युवक कुश सिदार उर्फ छोटे ने दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि वह घरेलू काम से ओडिशा गई हुई थी, जबकि युवती के पिता भी काम के सिलसिले में घर से बाहर थे।
इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार के लौटने पर पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं, युवतियों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।











