बकायेदारों पर कार्रवाई: किराया नहीं चुकाने वाली 15 दुकानें सील, 40 लाख रुपये बकाया

जगदलपुर नगर निगम ने सालों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए संजय बाजार इलाके में 15 दुकानों को सील कर दिया। निगम की राजस्व टीम ने बकायादारों से 1 लाख 42 हजार 640 रुपए की वसूली भी की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निगम की स्वामित्व वाली करीब 60 दुकानों पर लगभग 40 लाख रुपए का किराया बकाया है। बकायादार दुकानदारों को कई बार नोटिस जारी कर भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद किराया जमा नहीं किया गया।
संजय बाजार की दुकानों पर हुई कार्रवाई
इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सीलिंग अभियान शुरू किया। संजय बाजार में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानदारों को अंतिम चेतावनी देते हुए बकाया राशि जमा करने को कहा, लेकिन भुगतान नहीं होने पर 15 दुकानों को सील कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र के कई दुकानदार निगम कार्यालय पहुंचकर अपने बकाया की जानकारी लेने लगे। नगर निगम का कहना है कि किराया मद से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में किया जाता है।
ऐसे में किराया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शत-प्रतिशत वसूली तक अभियान लगातार चलाया जाएगा। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग की टीम के सदस्य मीनाक्षी नाग, राजस्व निरीक्षक रक्षिता यादव, हरिदास मिश्रा, मुन्ना नायक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











