सड़क पर केक काटने, आतिशबाजी करने पर कार्रवाई:MCB में बर्थडे बॉय समेत 7 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने कार भी जब्त किया

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने सात युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बर्थडे बॉय संग्राम गुप्ता सहित सात लोगों को अरेस्ट किया गया है। मामला खाड़गवां थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना खाड़गवां-बिलासपुर स्टेट हाईवे की है। युवकों ने कार के बोनट पर केक काटा और सड़क पर आतिशबाजी की थी। खाड़गवां थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि 28 अक्टूबर को वॉट्सऐप पर सड़क पर आतिशबाजी और केक काटने का एक वीडियो वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बर्थडे बॉय संग्राम गुप्ता सहित सात युवकों को गिरफ्तार किया है और जिस कार पर रखकर केक काटा गया था, उसे भी जब्त कर लिया गया है। अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।











