रायपुर में मामूली विवाद के बाद युवक की चाकू से हत्या, हमलावरों ने दौड़ाकर घेरा; इलाज के दौरान मौत

पुरानी बस्ती इलाके में वारदात, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

रायपुर में देर रात मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास की है। यहां दो युवकों ने डंगनिया निवासी अहमद खान पर धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अहमद को इलाज के लिए एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विवाद के बाद स्कूटी से भाग रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अहमद खान की अश्वनी नगर की गली में दो युवकों से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। विवाद बढ़ने के बाद अहमद स्कूटी से वहां से निकलने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे नाली में गिर गई और वह जमीन पर जा गिरा।

पीछा कर रहे दोनों युवकों ने अहमद को गिरा देखकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने लगातार कई वार किए और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। अहमद गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा।

एम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों आरोपियों की पहचान की जा सके।

फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामूली विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

कांग्रेस नेता ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में नशे, अवैध शराब, गांजा, सट्टा और जुए का कारोबार बढ़ने से अपराधियों में कानून का डर कम हुआ है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चाकूबाजी और हत्याओं से आम नागरिक और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस की ओर से आंदोलन किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close