पुरानी रंजिश में मां-बेटे पर हथौड़े से हमला, दोनों घायल

रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र के जोरापारा में पुरानी रंजिश को लेकर मां-बेटे पर हथौड़े से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 29 अगस्त की सुबह काली मंदिर के पीछे की बताई जा रही है। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विवाद के बाद युवक पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता दितेश सोनवाने काली मंदिर के पीछे मौजूद था। इसी दौरान चिंटू साहू उर्फ धीरज वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने दितेश के चेहरे पर हथौड़ी से वार कर दिया।

बेटे को बचाने पहुंची मां से भी मारपीट

बेटे पर हमला होते देखकर उसकी 65 वर्षीय मां सुशीला सोनवाने बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी वहां से चला गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर मौदहापारा पुलिस ने चिंटू साहू उर्फ धीरज के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close