5वीं वाहिनी में 3 करोड़ का गबन: अध्यक्ष के बाद सहायक प्रधान आरक्षक भी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से हेराफेरी का आरोप

जगदलपुर, 17 अगस्त 2026

जगदलपुर की 5वीं वाहिनी सशस्त्र बल की कर्मचारी कल्याण साख समिति में करीब 3 करोड़ रुपए के गबन के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में अब एक और प्रधान आरक्षक संजय चौहान को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला कंगोली स्थित कर्मचारी कल्याण साख समिति से जुड़ा है। वर्ष 2012 से 2021 के बीच लोन खातों और जमा राशि में कथित हेराफेरी की गई। इस दौरान फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।

शिकायत के बाद परपा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में समिति के अध्यक्ष और प्रधान आरक्षक शिवकांत तिवारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें 29 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद वित्तीय कामकाज से जुड़े उनके सहायक प्रधान आरक्षक संजय चौहान भी जांच के घेरे में आए। पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।

पुलिस का कहना है कि जांच अभी केवल दो आरोपियों तक सीमित नहीं है। बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने कहा है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल करीब 3 करोड़ रुपए की गबन राशि बरामद नहीं हुई है। पुलिस अब रकम की हेराफेरी के तरीके और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com