धुरंधर 2 के असर से टली अक्षय कुमार की भूत बंगला, अब इस तारीख को होगी रिलीज

बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त कमाई के बीच अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट एक बार फिर बदल दी गई है। पहले 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली यह फिल्म अब आगे बढ़ा दी गई है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मेकर्स ने बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए यह फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार अब ‘भूत बंगला’ 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। हालांकि, इस बदलाव को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ ने कम समय में ही शानदार कमाई कर ली है और फिल्म की रफ्तार को देखते हुए अन्य फिल्मों के मेकर्स अपनी रिलीज रणनीति बदल रहे हैं। इसी वजह से ‘भूत बंगला’ को भी आगे खिसकाया गया है, ताकि दोनों फिल्मों के बीच सीधा टकराव न हो।
फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। इसमें अक्षय कुमार के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म कॉमेडी और हॉरर का मिश्रण बताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का ट्रेलर, जो 30 मार्च को रिलीज होने वाला था, उसे भी फिलहाल टाल दिया गया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि ट्रेलर अप्रैल के पहले सप्ताह में जारी किया जा सकता है।
यह पहली बार नहीं है जब ‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट बदली गई हो। इससे पहले भी फिल्म की तारीख में कई बार बदलाव किया जा चुका है, जिससे दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है।









