उत्तर प्रदेश: मनरेगा में फर्जी हाजिरी का आरोप, एक ही नाली की सफाई दिखाकर मजदूरों के नाम चढ़ाने की शिकायत

इटावा/भरथना: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना ब्लॉक क्षेत्र की भोली ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत फर्जी हाजिरी लगाए जाने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत स्तर पर सचिव और संबंधित कर्मचारियों की मिलीभगत से मजदूरों के नाम पर फर्जी उपस्थिति दर्ज की जा रही है और योजना में अनियमितताएं की जा रही हैं.

ग्रामीणों के अनुसार, योजना का नाम भले ही बदलकर विकसित भारत के नाम से प्रचारित किया जा रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लग पा रही है. आरोप है कि 1 मार्च से 8 मार्च तक लगातार एक ही नाली की सफाई का कार्य दर्शाया गया, जबकि हाजिरी में ऐसे लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं। इनमें कुछ लोग पूर्व में ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी भी रह चुके हैं.

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कार्य के प्रमाण के रूप में पुरानी ग्रुप फोटो अपलोड की जा रही हैं, जिससे वास्तविक कार्य और दर्ज कार्य के बीच अंतर की आशंका और गहरा गई है. इससे पहले भी इसी ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत फर्जी कार्य कराए जाने का मामला सामने आया था। उस समय बीडीओ विजय शंकर प्रसाद के निर्देश पर संबंधित मस्टर रोल (एमआर) को निरस्त कर दिया गया था.

इसके बावजूद, आरोप है कि संबंधित रोजगार सेवक के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अनियमितताओं पर रोक नहीं लग सकी. मामले में ग्राम सचिव स्नेहलता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका.

इस संबंध में बीडीओ विजय शंकर प्रसाद ने बताया कि वह फिलहाल परीक्षा कार्य में व्यस्त हैं, लेकिन मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी.

close