राम मंदिर विवाद पर अनुपम खेर की सफाई, बोले— ‘बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’

हैदराबाद। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर राम मंदिर को लेकर दिए गए अपने बयान के बाद विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर लगातार बहस जारी है। इस बीच अभिनेता ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग के सिलसिले में अयोध्या गए थे। इसी दौरान उन्होंने राम मंदिर में दान चोरी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मुगल काल में हुई लूटपाट का जिक्र करते हुए उसकी तुलना में इस घटना को छोटा बताया था, जिसके बाद उनके बयान पर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद 13 जुलाई को अनुपम खेर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने जो भी कहा, पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कहा था और आज भी अपने हर शब्द पर कायम हैं। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया और बेवजह विवाद खड़ा किया।
अभिनेता ने यह भी कहा कि वे किसी ट्रोल, तथाकथित इन्फ्लुएंसर या नेता से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सच बोलना उनका अधिकार भी है और कर्तव्य भी। अंत में उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय श्री राम” के साथ किया।











