एआर रहमान के बेटे का एक्सीडेंट, पोर्शे कार में थे सवार..बाल-बाल बची जान

संगीतकार एआर रहमान के बेटे एआर अमीन चेन्नई में एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे उनकी पोर्शे कार की एक दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई. ये हादसा गुइंडी के कठिपारा फ्लाइओवर के पास हुआ. जिस वक्त ये हादसा हुआ अमीन अपने एक दोस्त के साथ गाड़ी में थे. हालांकि अच्छी खबर ये है कि इस हादसे में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. उन्हें हल्की फुल्की चोटें आई हैं.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अमीन की कार सड़क हादसे का तब शिकार हुई जब वो कोयंबेडु से शहर की तरफ आ रहे थे. तभी कठिपारा फ्लाइओवर के पास उनकी गाड़ी एक कार से टकरा गई. पुलिस के मुताबिक एक वैगन आर कार साइड रोड से मेन रोड में जैसे ही एंटर हुई, अमीन की गाड़ी की उससे टक्कर हो गई.

हादसे के बाद पहुंचे अस्पताल

इस सड़क हादसे के बाद अमीन और उनके दोस्त तुरंत इलाज के लिए कावेरी अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हीं कुछ देर बाद डिस्चार्ज कर दिया गया और वो घर वापस लौट गए. वहीं वैगन आर गाड़ी में मौजूद शख्स भी हादसे में घायल हुआ है. उन्हें कलाइनर सेंटेनेरी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया. उन्हें भी इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है.

अड्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग की पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों गाड़ियों को ज़ब्त कर लिया है. एक मामला भी दर्ज किया गया है और अधिकारी उन हालात की जांच कर रहे हैं, जिनकी वजह से यह टक्कर हुई.

क्या करते हैं अमीन?

एआर रहमान के बेटे अमीन भी संगीत की दुनिया में ही अपना करियर बना रहे हैं. उन्होंने मणिरत्नम की फिल्म ‘ओ कढल कनमनी’ से एक सिंगर के तौर पर डेब्यू किया था. इसमें उन्होंने मौला सल्ली वसल्लिम गाया था. फिल्मों में गाने के अलावा वो अपने पिता के साथ कॉन्सर्ट में भी गाते हैं. उन्होंने राम चरण की पेद्दी फिल्म के गाने चिकिरी चिकिरी के तमिल वर्जन को भी गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com