डीजल चोरी के आरोपियों को छोड़ने पर एएसआई निलंबित, एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई

बिलासपुर में डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कथित रूप से छोड़ने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले में संज्ञान लेते हुए एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया था। आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद थाने से पांच में से तीन आरोपी बैसाखू, राजेश और राजू को छोड़ दिया गया।
मामले का वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने इसकी गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई और प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।











