Badminton Asia Championship: आयुष शेट्टी की फाइनल में एंट्री, 61 साल बाद भारत को मिली सफलता

Badminton Asia Championship: आयुष शेट्टी की फाइनल में एंट्री, 61 साल बाद भारत को मिली सफलता

भारत के उभरते शटलर आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है. शेट्टी ने सेमीफाइनल में उन्होंने दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन को हराकर हर किसी को चौंका दिया. सिर्फ 20 साल के भारतीय स्टार आयुष ने रोमांचक सेमीफाइनल में थाईलैंड के दिग्गज कुनलावुत वितिदसर्न 10-21, 21-19, 21-17 से हरा दिया. इसके साथ ही पूरे 61 साल के लंबे इंतजार के बाद किसी भारतीय खिलाड़ी ने सिंगल्स इवेंट के फाइनल में जगह बनाई.

चीन के निंगबो में चल रहे इस टूर्नामेंट में शनिवार 11 अप्रैल को शेट्टी और कुनलावुत का आमना-सामना हुआ. इस टूर्नामेंट में पहले ही आयुष ने कुछ पूर्व चैंपियन और टॉप-10 रैंक खिलाड़ियों को हराकर सनसनी फैला दी थी. ऐसे में इस मुकाबले में भी उनसे थोड़ी उम्मीदें थीं लेकिन सामने वर्ल्ड नंबर-1 से पार पाना आसान नहीं था. मौजूदा चैंपियन और पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट कुनलावुत ने पहला ही गेम आसानी से जीतकर आयुष को दबाव में भी डाला.

मगर पहला गेम हारने के बावजूद आयुष के हौसले बुलंद रहे और उन्होंने शानदार वापसी की. लंबे कद के भारतीय स्टार ने अगले दोनों गेम जीतकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई. दोनों के बीच ये मुकाबला 75 मिनट तक चला, जिसमें हाई-फ्लाइंग बैडमिंटन देखने को मिला. इस तरह वो इस टूर्नामेंट में सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय शटलर बन गए. इससे पहले 1965 में दिनेश खन्ना ने ये खिताब जीता था और ऐसा करने वाले वो आज तक इकलौते भारतीय हैं.

अब रविवार 12 अप्रैल को फाइनल में आयुष का मुकाबला शी युकी या चोउ टिएन चेन के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. आयुष ने इस पूरे टूर्नामेंट में यादगार प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल के उलटफेर से पहले ही उन्होंने कुछ बड़े सितारों को धूल चटाई थी. टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में उन्होंने चीन के ली शी फेंग (7वीं रैंक) को 21-13, 21-16) से हराकर हैरान कर दिया था. फिर अगला शिकार उन्होंने क्वार्टर फाइनल में किया, जब उन्होंने 2024 के चैंपियन और चौथी रैंक इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 23-21, 21-17 से शिकस्त दी थी.

कर्नाटक के कारकला से आने वाले आयुष शेट्टी को चिराग सेन के साथ भारतीय बैडमिंटन का अगला “सुपरस्टार” माना जा रहा है. आयुष खास तौर पर अपने 6 फीट 5 इंच लंबे कद के कारण कोर्ट पर अपनी छाप छोड़ने में सफल हो रहे हैं. BWF वर्ल्ड रैंकिंग में फिलहाल 25वें स्थान पर काबिज आयुष ने ने अब तक एक सुपर सीरीज जीती है. उन्होंने 2025 में यूएस ओपन (सुपर 300) का खिताब जीता था. इसके अलावा 2023 में उन्होंने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिंगल्स का ब्रॉन्ज मेडल जीता था.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com