बहराइच: सड़क किनारे घात लगाए बैठे तेंदुए ने बाइक सवार युवक पर किया हमला, संघर्ष कर बचाई जान

बहराइच: यूपी के बहराइच में सड़क किनारे बैठे तेंदुए ने बाइक सवार युवक पर हमला कर दिया. युवक ने शोर मचाकर किसी तरह अपनी जान बचाई. ग्रामीणों के पहुंचने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा वन रेंज क्षेत्र की है. तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, मधवापुर ग्राम पंचायत के मजरा यमुनापार निवासी सत्येंद्र मौर्य (22) अपने घर से अमृतपुर कांटा जा रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे खेत में बैठे एक तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया.

हमले से सत्येंद्र बाइक से गिर पड़े और घायल हो गए. तेंदुए के हमले के बाद उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हांका लगाना शुरू कर दिया. युवक ने बताया तेंदुए से संघर्ष कर उसने अपनी जान बचाई है.

लोगों की भीड़ देखकर तेंदुआ सत्येंद्र को छोड़कर खेतों के रास्ते जंगल की ओर भाग गया. ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया. घटना की सूचना ग्रामीणों ने क्षेत्रीय वन अधिकारी को दे दी है. वन विभाग की टीम इलाके में सतर्कता बरत रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close