धमतरी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त

धमतरी :जिले में वन विभाग द्वारा अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ सख्ती लगातार जारी है.इसी क्रम में 24 मार्च की रात लगभग 9:45 बजे जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर बड़ी कार्रवाई की गई.
जांच में वाहन क्रमांक CG04MR 2663 (अल्ट्रा ट्रक) में कांकेर की ओर से रायपुर ले जाई जा रही गीली आम लकड़ी (लट्ठा) बरामद की गई. जब वन विभाग की टीम ने चालक से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका.
दस्तावेजों के अभाव में परिवहन को अवैध मानते हुए वन विभाग ने तत्काल वन अपराध प्रकरण दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी, धमतरी के निर्देशन एवं संयुक्त वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर प्रशिक्षु एसीएफ एवं प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी धमतरी ने स्वयं उपस्थित रहकर कार्रवाई का नेतृत्व किया। उनके साथ उत्तर एवं दक्षिण धमतरी के सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित वन अमला भी मौजूद रहा.
वन विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 की धारा 41 एवं 42 के तहत की गई है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.









