राजस्थान में ऑपरेशन संकल्प की बड़ी कार्रवाई: कुचेरा पुलिस ने स्कॉर्पियो से लाखों का डोडा पकड़ा, पिस्टल भी बरामद

नागौर: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में कुचेरा थाना पुलिस ने सरहद ढाढरिया कलां से खजवाना मार्ग पर बिना नंबर की महिन्द्रा स्कॉर्पियो-एन से करीब 11.25 लाख रुपये कीमत का 75.02 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त, एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

घटना 27 मार्च 2026 की है, जब कुचेरा थाना पुलिस टीम गश्त के दौरान उक्त मार्ग पर पहुंची। वहां एक सफेद रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली।

वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीटें हटाकर पांच कट्टों में भरा डोडा पोस्त छिलका/चूरा मिला, साथ ही वाहन के अंदर छिलका बिखरा हुआ था। मौके पर चालक और उसका सहयोगी फरार मिले, जिनकी तलाश जारी है।

जांच के दौरान वाहन से अलग-अलग नंबर की कुल सात नंबर प्लेटें भी बरामद हुईं, जिससे तस्करों द्वारा पहचान छुपाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने वाहन सहित मादक पदार्थ और हथियार जब्त कर प्रकरण संख्या 52/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है।

मामले की जांच अब सदर नागौर थाना प्रभारी सुरेश कुमार को सौंपी गई है। इस कार्रवाई को लेकर एसपी रोशन मीणा ने कहा कि नागौर जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जाएगा।

वहीं थानाधिकारी हबीब खान ने बताया कि सूचना और सतर्क गश्त के चलते यह बड़ी बरामदगी संभव हो पाई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी हबीब खान के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल रामप्रेम और कांस्टेबल तेजाराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com