मानसून में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, 210 से ज्यादा हॉटस्पॉट पर चलेगा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’

राजधानी रायपुर में मानसून की शुरुआत के साथ ही नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ‘ऑपरेशन क्लीन’ शुरू करने जा रही है। इसके तहत शहर के उन हॉटस्पॉट इलाकों को चिन्हित किया गया है, जहां लगातार कार्रवाई के बावजूद नशीली टेबलेट, सिरप और गांजा की अवैध बिक्री जारी है। पुलिस ने तस्करों के नाम, मोबाइल नंबर और पते सहित विस्तृत डाटा तैयार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि इस बार कार्रवाई माइक्रो लेवल पर होगी और केवल छोटे तस्करों ही नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को निशाना बनाया जाएगा।

210 से ज्यादा हॉटस्पॉट पुलिस के रडार पर

पुलिस ने शहर में नशे के कारोबार से जुड़े 211 हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं। इनमें सेंट्रल जोन के 56, वेस्ट जोन के 93 और नॉर्थ जोन के 62 इलाके शामिल हैं। तेलीबांधा, हीरापुर, टाटीबंध, खमतराई, उरला और दलदल सिवनी जैसे क्षेत्र प्रमुख हॉटस्पॉट के रूप में सामने आए हैं।

पुलिस इन इलाकों में एक साथ दबिश देकर तस्करों को पकड़ने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी कर रही है। तस्करों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

तस्करों ने बदला नशे की सप्लाई का तरीका

जांच में सामने आया है कि तस्कर अब ट्रांसपोर्ट, कुरियर और बसों के जरिए नशे का सामान भेज रहे हैं। कपड़ों और खाने-पीने की वस्तुओं में छिपाकर पार्सल भेजे जा रहे हैं। हाल ही में एक पार्सल में मशीन के नाम पर बुकिंग की गई थी, लेकिन उसके अंदर गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से राजधानी में प्रतिबंधित टेबलेट, कैप्सूल और नशीले सिरप की सप्लाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद तस्करों ने अपना तरीका बदलते हुए दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी और बेमेतरा जैसे जिलों में नशे का सामान डंप करना शुरू कर दिया है, जहां से छोटी खेप में इसे रायपुर पहुंचाया जा रहा है।

बड़े तस्करों के खिलाफ भी जारी है कार्रवाई

पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद कई बड़े तस्करों को जेल भेजा गया है और कई को जिलाबदर किया गया है। इसके बावजूद उनके करीबी अवैध कारोबार को संचालित कर रहे हैं। पुलिस ने तस्करी में शामिल दो पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि अब तक 332 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 78 तस्कर दूसरे राज्यों के हैं। नए तस्करों की सूची तैयार की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com