गरियाबंद में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने बरामद की IED बनाने की सामग्री

गरियाबंद जिले के घने जंगलों में पुलिस की सतर्कता ने नक्सलियों की खतरनाक साजिश को ध्वस्त कर दिया. जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर थाना शोभा एवं थाना पायलीखंड (जुगाड़) क्षेत्र के ग्राम साईबीनकछार, कोदोमाली तथा भूतबेड़ा के जंगली इलाकों में तीन अलग-अलग स्थानों पर छिपाए गए विशाल डंप से भारी मात्रा में आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने का सामान, चार कुकर, इलेक्ट्रिक वायर, फटाके और अन्य राशन सामग्री बरामद की गई

जिला पुलिस की ऑपरेशन टीम ई-30 की इस सफल कार्रवाई से नक्सलियों के विनाशकारी इरादों को करारा झटका लगा है. यह अभियान रविवार सुबह शुरू हुआ, जब स्थानीय सूचना तंत्र से आसूचना मिली कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन की उदंती एरिया कमेटी के नक्सली पुलिस दलों या ग्रामीणों को निशाना बनाने और दहशत फैलाने के लिए जंगलों में विस्फोटक डंप छिपा रखे हैं.

तीन संदिग्ध स्थानों पर जमीन के नीचे दबी मिली सामग्री

गरियाबंद एसपी कमल शंकर सिंह के निर्देश पर ई-30 टीम, जिसमें बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीएस) की विशेषज्ञता शामिल थी, जिला मुख्यालय से रवाना हुई. जंगली और पहाड़ी इलाकों में सघन सर्चिंग के दौरान तीन संदिग्ध स्थानों पर जमीन के नीचे दबी सामग्री का पता चला.

सावधानीपूर्वक खुदाई के बाद बरामद सामग्री में आईईडी निर्माण के लिए पर्याप्त विस्फोटक पदार्थ, कुकर बम के लिए चार स्टील कुकर, लंबे-लंबे इलेक्ट्रिक वायर रोल, फायरिंग के लिए फटाके और नक्सलियों के लंबे समय तक छिपने के लिए राशन जैसे चावल, दालें तथा अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे.

‘सरक्षा बलों पर हमले की बना रहे थे योजना’

एसपी कमल शंकर सिंह ने बताया, “यह डंप उदंती एरिया कमेटी के सक्रिय नक्सलियों द्वारा तैयार किया गया था, जो सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बना रहे थे. बरामद सामग्री से कम से कम दर्जनों आईईडी तैयार हो सकते थे, जो ग्रामीणों और पुलिस के लिए घातक साबित होते. हमारी टीम ने बिना किसी हादसे के इसे निष्क्रिय कर दिया.”

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई न केवल नक्सल हिंसा को रोकने में सफल रही, बल्कि क्षेत्र के आदिवासी समुदायों को भी सुरक्षित बनाएगी. गरियाबंद छत्तीसगढ़ का संवेदनशील नक्सल प्रभावित जिला है, जहां उदंती-मैनपट क्षेत्र नक्सलियों का गढ़ माना जाता है. हाल के वर्षों में राज्य में नक्सल गतिविधियां कम हुई हैं, लेकिन आईईडी हमले अभी भी प्रमुख खतरा बने हुए हैं.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com