समृद्धि यात्रा में समस्तीपुर को बड़ी सौगात,827 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

बिहार समस्तीपुर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में समस्तीपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कुल 827 करोड़ रुपए की लागत से जुड़ी 188 विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया। मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी कार्यों को तय समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने सरायरंजन स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर परिसर का निरीक्षण किया.इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर में निर्मित एमिनिटी भवन का उद्घाटन किया तथा जलपानगृह एवं व्यायामशाला सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम, प्रोजेक्ट लैब, भाषा प्रयोगशाला, नेटवर्क लैब आदि का जायजा लिया और कक्षा में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद किया.
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, आधुनिक तकनीक और ज्ञान को आत्मसात करें ताकि भविष्य में आगे बढ़ सकें। भाषा प्रयोगशाला में छात्रों द्वारा फ्रेंच और अंग्रेज़ी भाषा में किए गए स्वागत से मुख्यमंत्री प्रभावित दिखे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से जिले के लिए 470 करोड़ रुपये की 71 योजनाओं का शिलान्यास, 273 करोड़ रुपये की 74 योजनाओं का उद्घाटन तथा 84 करोड़ रुपये की 43 योजनाओं का कार्यारंभ किया.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल एवं विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की.जीविका दीदियों ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से प्राप्त सहायता राशि से उन्होंने अपना कार्य प्रारंभ किया, जिससे परिवार की आय में वृद्धि हो रही है.
मुख्यमंत्री ने 23 हजार 472 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 437 करोड़ रुपये की सहायता राशि का सांकेतिक चेक वितरण किया। साथ ही सामाजिक पुनर्वास योजना, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान, मुख्यमंत्री निशक्त जन विवाह प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें लाभ राशि प्रदान की.
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने बॉलिंग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया, कृषि विभाग के हाईटेक फॉर्मिंग मॉडल, शिक्षा एवं परिवहन विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने जिले में उद्योग और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हकीमाबाद प्रखंड में निर्माणाधीन RCC पुल-सह बाइपास सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें जिले में घोषित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। इनमें सड़क चौड़ीकरण,ROB निर्माण, पुल निर्माण, पर्यटन स्थल विकास तथा विभिन्न राज्य पथों के सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं.
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव श्री अमृतलाल मीणा,DGP विनय कुमार, DM रोशन कुशवाहा,DIG एवं SP अरविंद प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.











