त्योहार के बीच बड़ा सड़क हादसा: उझयानी के पास स्लीपर बस पलटी, 15 यात्री घायल; दो की हालत नाजुक

इटावा: होली के उल्लास के बीच थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम उझयानी के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. दिल्ली से कानपुर जा रही स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी. उझयानी गांव के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से बस सड़क किनारे पलट गई. हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बिना देर किए बस में फंसे यात्रियों को निकालने में जुट गए. कई यात्री सीटों के बीच दब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भरथना रामदबन मौर्य, थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक व थाना प्रभारी इकदिल विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी महेवा तथा रामधीन 50 शैय्या अस्पताल बकेवर भिजवाया.

चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में लगभग 10 से 15 यात्री घायल हुए हैं. इनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल इटावा रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का उपचार जारी है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की सहायता से बस हटवाकर सुचारु कराया.

प्राथमिक जांच में चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है. होली के दिन हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है.

close