बालोद के चिपरा स्थित खाद-बीज गोदाम में बड़ी चोरी, डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस; पिछले साल भी हुई थी खाद की चोरी

बालोद।मानसून आने से पहले किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुट गए हैं। इसी बीच खाद की बढ़ती मांग और संभावित किल्लत के बीच बालोद जिले में खाद चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। चोरों ने सहकारी समिति के गोदाम को निशाना बनाते हुए 68 बोरी डीएपी खाद पार कर दी।

चिपरा के खाद-बीज गोदाम में वारदात

जानकारी के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुसुमकसा के अंतर्गत ग्राम चिपरा स्थित खाद-बीज गोदाम से अज्ञात चोर 68 बोरी नवरत्ना कंपनी की डीएपी खाद चोरी कर ले गए। घटना का पता चलते ही समिति प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश

सूचना मिलने पर डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम की भी सहायता ली जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है।

पहले भी हो चुकी है खाद चोरी

गौरतलब है कि इसी गोदाम में 15 मई 2024 को भी खाद चोरी की बड़ी घटना हुई थी। उस दौरान 35 बोरी डीएपी, 12 बोरी पोटाश, 7 बोरी यूरिया और 8 बोरी सुपरफास्फेट चोरी हुई थी। लेकिन उस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

किसानों में बढ़ी चिंता

मानसून से पहले खाद की मांग बढ़ने के बीच लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो खेती-किसानी प्रभावित हो सकती है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। गोदाम के आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com