ED के सामने 5 घंटे तक बैठीं बिग बॉस फेम शेफाली बग्गा : महादेव बेटिंग ऐप प्रमोशन और हवाला कनेक्शन पर पूछताछ

रायपुर, 17 जुलाई 2026। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और बिग बॉस-13 की पूर्व कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। ED ने उनका बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दर्ज किया। यह पूछताछ पहले जारी किए गए समन पर पेश नहीं होने के बाद नए समन के तहत हुई।

जांच एजेंसी के अनुसार, शेफाली बग्गा का नाम महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर के संपर्कों में सामने आया है। ED का आरोप है कि वह विदेश, खासकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से जुड़ी रही हैं। एजेंसी को जांच के दौरान कई डिजिटल सबूत और प्रमोशनल सामग्री मिली है, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।

खिलाड़ियों को बेटिंग टिप्स देने का आरोप

ED का दावा है कि शेफाली केवल बेटिंग ऐप्स का प्रचार ही नहीं करती थीं, बल्कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए खिलाड़ियों और यूजर्स को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी उपलब्ध कराती थीं। एजेंसी को ऐसे ऑनलाइन पेज और प्रचार सामग्री मिली है, जिनमें उनके जरिए बेटिंग प्लेटफॉर्म को बढ़ावा देने के संकेत मिले हैं। इन सभी डिजिटल रिकॉर्ड की जांच जारी है।

टेलीग्राम चैनल भी जांच के घेरे में

जांच एजेंसी के मुताबिक, शेफाली बग्गा के एक टेलीग्राम चैनल के जरिए कथित तौर पर बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और टिप्स साझा किए जाते थे। ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गतिविधि के बदले उन्हें महादेव नेटवर्क या उससे जुड़े लोगों से कोई आर्थिक लाभ मिला था या नहीं। इसके लिए डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

पूछताछ के बाद बोलीं- सभी आरोप गलत

करीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद शेफाली बग्गा ED कार्यालय से बाहर निकलीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया और कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं। फिलहाल ED मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें दोबारा भी तलब किया जा सकता है।

स्पोर्ट्स एंकरिंग की चर्चित हस्ती

शेफाली बग्गा टीवी पत्रकार, स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और बिग बॉस-13 की पूर्व प्रतिभागी रह चुकी हैं। उन्होंने कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स की एंकरिंग की है और सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी मौजूदगी है। अब उनका नाम महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच में सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com