नकटी मामले में कांग्रेस की राज्यपाल से मुलाकात, विधानसभा सत्र के बाद चर्चा का भरोसा

नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर आज कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ हुई कार्रवाई और उनकी समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, राज्यपाल ने पूरे मामले पर विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करने का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस ने राज्यपाल से प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग भी की।
14 किमी पदयात्रा के बाद मांगा था समय
इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने नकटी गांव से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। पदयात्रा वीआईपी चौक होते हुए लोकभवन पहुंची, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के लिए समय मांगा था।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर राज्यपाल से मिलने का समय नहीं मिला, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
पदयात्रा के दौरान हुआ था हंगामा
बुधवार की पदयात्रा के दौरान मेक इन इंडिया चौक के पास पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जबकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया था।
पदयात्रा में शामिल प्रभावित परिवारों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “नकटी में ही घर बनाओ” के नारे लगाए थे और गांव में ही पुनर्वास की मांग की थी।
अब राज्यपाल से मुलाकात के बाद कांग्रेस की नजर विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद होने वाली संभावित चर्चा पर है। पार्टी का कहना है कि यदि प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।











