बिलासपुर शर्मसार: छात्रा को बहाने से होटल ले गया शिक्षक, दूसरी नाबालिग से तीन युवकों ने किया दुष्कर्म

बिलासपुर। जिले में नाबालिगों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आने से सनसनी फैल गई है। एक मामले में नाबालिग लड़की के साथ तीन युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में एक निजी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
घर से लापता बच्ची के साथ अनाचार
तोरवा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग बच्ची दो दिनों से घर से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बच्ची रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बदहाल स्थिति में मिली।परिजनों की मौजूदगी में बच्ची ने पुलिस को बताया कि एक नाबालिग लड़का उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर अपने दो अन्य साथियों के साथ उसके साथ अनाचार किया गया।
मुख्य आरोपी हिरासत में, दो की तलाश जारी
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप
दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी स्कूल के शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शिक्षक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना बीते साल दिसंबर महीने की है, जब आरोपी शिक्षक ने अकेली घर लौट रही नाबालिग को पुस्तक दिलाने के बहाने होटल ले गया, जहां उससे दुष्कर्म किया. डर के कारण छात्रा ने घर में कुछ भी नहीं बताया. बाद में छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को इस बात की जानकारी दी, तब इस मामले का खुलासा हुआ. सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.











