खैरागढ़ में सड़क किनारे मिले रहस्यमयी बॉक्स, टोना-टोटका की अफवाह के बाद पुलिस ने खोला राज

खैरागढ़
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घिरघोली गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे दो लावारिस बॉक्स मिले। बंद डिब्बों को देखकर ग्रामीणों ने इसे काला जादू और टोना-टोटका समझ लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए छुईखदान पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब सावधानी से दोनों बॉक्स खोले, तो अंदर का नजारा देख सब हैरान रह गए। बॉक्स के अंदर चूड़ी, साड़ी, चावल, नारियल और नींबू जैसी सामग्री रखी थी। जिसे ग्रामीण तांत्रिक क्रिया मान रहे थे, वह असल में सामान्य घरेलू सामान निकला।
थाना प्रभारी बिलकिस खान के अनुसार, शुरुआती जांच में यह किसी शादी समारोह का सामान लग रहा है, जो संभवतः वाहन से गिर गया होगा। पुलिस ने सामग्री को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है कि ये बॉक्स वहां तक कैसे पहुंचे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
The post खैरागढ़ में सड़क किनारे मिले रहस्यमयी बॉक्स, टोना-टोटका की अफवाह के बाद पुलिस ने खोला राज appeared first on Nation Update.











